लाहौर: आठ मार्च (ए)
) अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण पाकिस्तान में ईंधन की कमी की आशंका से मची अफरा-तफरी के बीच पेट्रोल पंप पर विवाद में ग्राहकों द्वारा की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को लाहौर से लगभग 100 किलोमीटर दूर सियालकोट में हुई, जब दस्का रोड पर एक पेट्रोल पंप पर ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई।
पुलिस के अनुसार, अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने के बाद तेल आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंताओं के कारण पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं।
पुलिस के मुताबिक, एक कार से आए दो व्यक्तियों ने अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाया और फिर पेट्रोल पंप के कर्मचारी को अपने साथ लाए दो डिब्बों में पेट्रोल भरने को कहा।
पेट्रोल पंप कर्मचारी ने यह कहते हुए मना कर दिया कि सरकारी नीति के तहत डिब्बों में पेट्रोल भरना मना है।
पुलिस अधिकारी दोस्त मोहम्मद ने कहा, ‘‘इससे पेट्रोल पंप के कर्मचारियों और कार सवार लोगों के बीच कहासुनी हो गई।’’
उन्होंने बताया कि कार सवार उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर वहां से चले गए।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘लगभग एक घंटे बाद, कार सवार हथियारों के साथ आए, पेट्रोल पंप के कर्मचारियों पर हमला किया और उन पर गोलियां चलाईं, जिससे तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।’’
उन्होंने बताया कि घायलों में शामिल 25 वर्षीय मोहम्मद सिबतैन ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो की हालत गंभीर बनी हुई है।