इस्लामाबाद/लाहौर: 24 मार्च (ए)
) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए “सार्थक और निर्णायक वार्ता” की मेजबानी को लेकर उनका देश तैयार है। शरीफ ने यह टिप्पणी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में की
यह घोषणा मीडिया की उन खबरों के बाद आई है जिनमें कहा गया है कि पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के लिए पाकिस्तान, मिस्र और तुर्किये परोक्ष रूप से प्रयास कर रहे हैं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे वक्त आई है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है। पाकिस्तान उन देशों में से एक है जो ईरान और अमेरिका के बीच राजनयिक वार्ता के लिए पैरवी कर रहे हैं।
शरीफ ने पोस्ट में कहा, ‘‘अमेरिका और ईरान की सहमति होने पर पाकिस्तान संघर्ष के व्यापक समाधान के लिए सार्थक और निर्णायक वार्ता की मेजबानी करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए तैयार है तथा इसे अपने लिए सम्मान की बात मानता है।’’