ग्वालियर: एक अप्रैल (ए)
) मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में शादी की खुशी में शराब नहीं पिलाने को लेकर कुछ पड़ोसियों ने दूल्हा-दुल्हन सहित एक परिवार के सदस्यों की कथित तौर पर पिटाई कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोन थाना क्षेत्र के पाटई गांव में मंगलवार रात हुई इस घटना में दूल्हे के परिवार के कुछ सदस्य घायल हुए है। बीच बचाव में मेहमानों ने भी पड़ोसियों को पीट दिया। पीड़ित दूल्हे के परिवार ने ग्वालियर एसपी के पास पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने एक पक्ष की तरफ से मामला दर्ज कर लिया है तो दूसरी पक्ष की तरफ से जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ग्वालियर देहात आरोन थाना क्षेत्र के पटाई गांव में रहने वाले महेश जाटव की 30 मार्च को शादी हुई थी। शादी के बाद महेश दुल्हन लेकर अपने गांव पटाई पहुंचा था और रात के समय मेहमान और परिवार के लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान गांव में ही रहने वाले मनोज जाटव, हरनाम, भीम और नवल किशोर जाटव आए और दूल्हे महेश के परिवार में शादी की खुशी नई दुल्हन आने पर शराब पीने के लिए रुपए की मांग की।जब महेश के परिवार ने शराब के रुपए देने से मना किया तो आरोपियों ने शादी वाले परिवार के लोगों के साथ जमकर गाली गलौज की जिसका विरोध किया तो मारपीट कर दी। बीच बचाव करने आई दूल्हे की मां शीला जाटव और अन्य के साथ साथ दुल्हन की मारपीट कर दी। मारपीट के बाद हमलावर पड़ोसी दूल्हे के घर में रखा सामान और कुछ नगदी रुपए ले गए। बाद में शादी वाले परिवार में मौजूद मेहमानों ने भी विरोध किया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई।पुलिस का कहना है कि पटाई गांव में शादी वाले परिवार और उनके पड़ोसियों के बीच शराब के पैसे की मांग को लेकर विवाद हुआ है।इसमें दोनों ही पक्षों के बीच मारपीट हुई।दोनों की तरफ से आवेदन मिला है।घायलों को मेडिकल कराए गए हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।प्रारंभिक तौर पर शादी वाले परिवार का आरोप है कि पड़ोसियों ने शराब के लिए रुपए मांगे और जब उन्होंने मना किया तो फिर मारपीट और लूट की घटना को अंजाम दिया है।फिलहाल पुलिस ने इस मामले को लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।