इस्लामाबाद: छह अप्रैल (ए)
) पाकिस्तान ने सोमवार को उन खबरों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जिनमें कहा गया था कि उसने अमेरिका-ईरान युद्ध को समाप्त कराने के लिए 45 दिनों के युद्ध विराम समझौते का प्रस्ताव किया है। हालांकि, उसने यह पुष्टि की कि शांति प्रक्रिया अभी भी जारी है।सरकारी पाकिस्तानी टीवी चैनल के अनुसार, विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा, ‘‘45 दिनों के युद्धविराम प्रस्ताव या 15 सूत्री समझौते की कई खबरें आई हैं। हम इन पर टिप्पणी नहीं कर सकते।’’
हालांकि, उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि शांति प्रक्रिया जारी है।
यह प्रतिक्रिया पश्चिमी मीडिया में आई उन खबरों के बाद आई है, जिनमें दावा किया गया था कि पाकिस्तान ने वाशिंगटन और तेहरान को एक शांति योजना सौंपी है, जिसमें संघर्ष को समाप्त करने के लिए पहले युद्ध विराम और फिर विस्तृत वार्ता पर जोर दिया गया है।
पाकिस्तान ने पिछले महीने युद्ध समाप्त कराने के प्रयास शुरू किए थे, और एक समय तो वह अमेरिका और ईरान के अधिकारियों की मेजबानी करने के करीब भी पहुंच गया था, लेकिन अधिकारियों के अनुसार, प्रतिद्वंद्वी पक्षों के अड़ियल रुख के कारण यह संभव नहीं हो सका।
हालांकि, इस्लामाबाद में सऊदी अरब, तुर्किये, मिस्र और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी के बाद, उप प्रधानमंत्री इसहाक डार और चीनी विदेश मंत्री वांग यी के बीच हुई वार्ता के बाद पाकिस्तान ने नये सिरे से प्रयास किए।
डार और वांग ने संघर्ष को समाप्त करने के लिए युद्ध विराम और वार्ता पर आधारित पांच सूत्री शांति योजना जारी की।
अधिकारियों ने बताया कि रक्षा प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर नवीनतम प्रयासों में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं और युद्ध समाप्त कराने के लिए ईरान और अमेरिका के अधिकारियों के संपर्क में हैं।