बमाको,26 अप्रैल (ए)। अफ्रीकी देश माली में एक आतंकी हमले में माली के रक्षा मंत्री और उनके परिवार को मौत के घाट उतार दिया गया। इस हमले में माली के रक्षा मंत्री सादियो कामारा, उनकी पत्नी और दो पोते-पोतियों की जान गई है। जानकारी के मुताबिक यह हमला कार बम से किया गया। रक्षा मंत्री कामारा का जहां घर है, उस इलाके को जुंटा
का गढ़ माना जाता है। आधिकारिक सूत्रों और समाचार एजेंसी अनादोलु के अनुसार, यह एक बेहद सुनियोजित अभियान था जिसके तहत बमको (सेनो और काटी) के अलावा सेवारे, मोप्ती, गाओ और किदाल जैसे रणनीतिक स्थानों को निशाना बनाया गया। सूत्रों ने बताया कि दो संगठनों ने मिलकर माली के रक्षामंत्री की हत्या की है। यह दोनों संगठन हैं, अजावाद लिबरेशन फ्रंट और ग्रुप फॉर द सपोर्ट ऑफ इस्लाम एंड मुस्लिम्स। माली के कई इलाकों में इन गुटों और सेना के बीच जबर्दस्त लड़ाई देखने को मिली है। बमको का मुख्य हवाई अड्डा और काटी में रक्षा मंत्री का आवास इन हमलों के प्रमुख लक्ष्य बताए जा रहे हैं। कई इलाकों में निवासियों ने सुबह-सुबह भारी गोलाबारी और लगातार धमाकों की आवाजें सुनीं।