नयी दिल्ली: चार जून (ए)
) कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अपने सात उम्मीदवारों की घोषणा की, जिनमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का नाम सबसे प्रमुख है।
पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, कांग्रेस ने कर्नाटक से खरगे, पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को टिकट दिया है। राहुल गांधी की कोर टीम की पुरानी और बेहद भरोसेमंद सदस्य रहीं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को मध्य प्रदेश से राज्यसभा का टिकट दिया गया है.जबकि राजस्थान से दलित समुदाय के मजबूत नेता और मौजूदा राज्यसभा सांसद नीरज डांगी पर कांग्रेस आलाकमान ने दोबारा भरोसा जताते हुए उन्हें फिर से मैदान में उतारा है। तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया गया है, जो पार्टी की नीतियों और आर्थिक मामलों से जुड़े प्रमुख चेहरों में गिने जाते हैं। वहीं झारखंड से प्रणव झा को टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने उम्मीदवारों के चयन में क्षेत्रीय संतुलन और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का भी ध्यान रखा है। कांग्रेस द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी ने अनुभवी और संगठनात्मक अनुभव रखने वाले नेताओं को टिकट देकर उच्च सदन में अपनी स्थिति मजबूत करने की रणनीति अपनाई है।