चंदौली/अलीगढ़: छह जून (ए)
) उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में शनिवार को मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने 38 वर्षीय एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि अलीगढ़ में एक अलग घटना में 45 वर्षीय महिला गोली लगने से घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
चंदौली में यह घटना अलीनगर थाना क्षेत्र में हुई। मुगलसराय थाना क्षेत्र के चतुर्भुजपुर गांव निवासी मनोज कुमार अपराह्न करीब ढाई बजे पटपरा गांव के पास साइकिल से जा रहे थे।
अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने मोटरसाइकिल से आकर मनोज कुमार की कनपटी में गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच के लिए विशेष अभियान दल (एसओजी) सहित पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
वहीं, अलीगढ़ में एक अन्य घटना में पुराने शहर क्षेत्र के नयरी चौराहे के पास मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने 45 वर्षीय एक महिला को गोली मारकर घायल कर दिया।
पुलिस के अनुसार यह घटना अपराह्न करीब दो बजे रोरावर थाना क्षेत्र में उस समय हुई जब पीड़िता रानी अपनी बेटी रिहाना के साथ काम पर जा रही थीं।
पुलिस ने बताया कि नकाबपोश दो हमलावरों ने महिला को रास्ते में रोककर नजदीक से गोली चलाई और मोटरसाइकिल से फरार हो गए। यह घटना उनकी पुत्री ने देखी।
घायल महिला को जिला मलखान सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें कूल्हे के पास गोली लगी है और उनकी स्थिति स्थिर है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्वम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।