दुबई,दस जुलाई (ए)।। अमेरिका द्वारा ईरान पर अपने ताजा हवाई हमले समाप्त करने की घोषणा के कुछ ही घंटे बाद ईरान के विभिन्न हिस्सों में रहस्यमयी हवाई हमले हुए। इन हमलों की किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है, जिससे यह सवाल खड़ा हो गया कि ईरान को आखिर कौन निशाना बना रहा है। हमले गुरुवार को उस समय हुए, जब ईरान अपने दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा था। हमले दक्षिणी ईरान के कई इलाकों में हुए। ईरानी सरकार ने किसी देश पर सीधे आरोप नहीं लगाया है, लेकिन संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य इस्माइल कौसारी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर अमेरिका का साथ देने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी। साथ ही कहा कि उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बताया कि गुरुवार सुबह उसने ईरान में करीब 90 ठिकानों पर हमले कर अपना अभियान समाप्त कर दिया। इसके तुरंत बाद बुशेहर, सिस्तान-बलूचिस्तान, अहवाज, चाबहार सहित कई क्षेत्रों में विस्फोट और नए हवाई हमलों की खबरें सामने आईं। हालांकि इन अतिरिक्त हमलों पर सेंटकॉम ने कोई टिप्पणी नहीं की।