पॉक्सो मामले के आरोपी ने परिवार और शिकायतकर्ताओं समेत छह लोगों की हत्या की

राष्ट्रीय
Spread the love

हैदराबाद: 11 जुलाई (ए)) तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत दर्ज मामले के 35 वर्षीय आरोपी ने अपनी पत्नी एवं दो बच्चों और उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाले परिवार के तीन सदस्यों समेत छह लोगों की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, पी. राजकुमार ने शुक्रवार रात शाबाद मंडल के अलग-अलग इलाकों में पहले शिकायतकर्ता परिवार की नाबालिग लड़की, उसकी मां एवं नानी की हत्या की और इसके बाद अपनी पत्नी एवं अपने दो बच्चों की हत्या कर दी।

राजकुमार के खिलाफ इस वर्ष मई में नाबालिग लड़की का पीछा करने के आरोप में पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह शिकायत पीड़िता के परिवार की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई थी।

राजकुमार को हाल में इस मामले में अग्रिम जमानत मिली थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने हंसिये और चाकू से पीड़ितों पर वार किया तथा उनके गले काट दिए।

आरोपी ने हत्या करने के तुरंत बाद अपने पिता को फोन कर अपराध कबूल कर लिया। इसके बाद आरोपी के माता-पिता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

राजकुमार वारदात के बाद फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि हत्याओं के सही कारण की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस को संदेह है कि आरोपी नाबालिग लड़की से गहरी रंजिश रखता था लेकिन इसका अभी पता नहीं चल पाया है कि उसने अपनी पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या क्यों की।

हत्याओं के संबंध में दो मामले दर्ज किए गए हैं।