गाजियाबाद (उप्र): 18 जुलाई (ए) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा के परिजन से शनिवार को यहां पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध के प्रत्येक दोषी के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई की जाएगी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में कोई कमी न
हीं रहने दी जाएगी। एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने प्रकरण की विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अभियोजन की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पांच लाख रूपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड सहित सभी पात्र लाभार्थीपरक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को हरसंभव सहयोग मिल सके।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मामले के अनुसार थिरोट गांव निवासी युवती परिवार के साथ रोहटा रोड पर बनी एक कॉलोनी में रहती थी। 15 मई 2026 को उसका अपहरण कर हत्या कर दी गई थी और 17 मई को शव थिरोट गांव के जंगल में बरामद हुआ था। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर टीपीनगर थाने में मामला दर्ज कर लिया था।
इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।