नयी दिल्ली: 23 जुलाई (ए)
) दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन में लाठीचार्ज के दौरान एक महिला की मौत होने का दावा करने वाले सोशल मीडिया पोस्ट का बृहस्पतिवार को खंडन करते हुए इसे झूठा बताया और गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
नयी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रदर्शनकारी की मौत नहीं हुई है। दरअसल सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल किया जा रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि सोमवार को हुए लाठीचार्ज में एक बेटी की जान चली गई है. हालांकि दिल्ली पुलिस ने इन दावों को खारिज कर दिया है.
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहें, जिनमें कथित घटना में हताहतों का दावा किया जा रहा है वह झूठी हैं. इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है. नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और न ही उसे साझा करें. कृपया प्रामाणिक जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें.
आगे कहा गया कि यह प्रसारित हो रही खबर पुलिस और सरकार विरोधी भावनाओं को भड़काने और दहशत फैलाने के लिए फैलाया गया झूठा दुष्प्रचार है. इस तरह की पोस्ट से लोगों को भड़काने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सभी से अनुरोध है कि तथ्यों की पुष्टि करने के बाद ही उन्हें प्रसारित करें.