सेवानिवृत्त होने से एक दिन पहले रिश्वत लेते पकड़ा गया नगर निगम का कार्यकारी अभियंता

ग्वालियर मध्य प्रदेश
Spread the love

ग्वालियर (मध्यप्रदेश): 30 जुलाई (ए)) पुलिस ने बृहस्पतिवार को ग्वालियर नगर निगम के एक कार्यकारी अभियंता (ईई) को लंबित बिलों के भुगतान के लिए एक ठेकेदार से कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए पकड़ा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

लोकायुक्त के पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा ने बताया कि आरोपी सुशील कटारे (62) 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले थे।

उन्होंने बताया कि ठेकेदार सचिन पचौरी ने दो दिन पहले भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी से संपर्क किया था और आरोप लगाया था कि कटारे ने पचौरी द्वारा किए गए सिविल कार्यों के लिए लगभग 36 लाख रुपये के बिल को मंजूर करने के लिए एक प्रतिशत कमीशन या 36,000 रुपये की मांग की थी।

शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त पुलिस को बताया कि वह पहले ही आरोपी अभियंता को 30,000 रुपये का भुगतान कर चुका है।

शर्मा ने बताया, ‘‘नगर निगम कार्यालय में जाल बिछाया गया। जैसे ही ठेकेदार ने 6,000 रुपये की शेष राशि कार्यकारी अभियंता को सौंपी, हमारी टीम ने उसे पकड़ लिया।’’

उन्होंने बताया कि कटारे के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।