जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने तीन अधिकारियों को निलंबित किया

छिंदवाड़ा मध्य प्रदेश
Spread the love

छिंदवाड़ा: सात अगस्त (ए) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को यहां ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ की शुरुआत की और कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान लापरवाही के आरोप में तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

यादव ने छिंदवाड़ा में कहा कि ‘जन विश्वास अभियान’ के तहत जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से सीधे संवाद करेंगे।जनसुनवाई के दौरान, ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेश गुन्नाडे, स्थानीय तहसीलदार और पटवारी (ग्राम अधिकारी) को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जनपद पंचायत चौरई के सीईओ और श्रम अधिकारी का एक-एक इंक्रीमेंट रोकने का भी आदेश दिया।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा पहुंचने के बाद कलेक्टर कार्यालय स्थित लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आम लोगों को मिल रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ संवाद किया। इस दौरान छिंदवाड़ा के विकास, औद्योगिक संभावनाओं और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही उनके निराकरण के निर्देश दिए।