हथियारबंद छात्र ने स्कूल व घर में गोलीबारी की, सात लोगों की मौत

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

नोंथाबुरी (थाईलैंड): सात अगस्त (ए) थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बाहरी इलाके में स्थित एक हाई स्कूल में शुक्रवार सुबह एक छात्र द्वारा की गई गोलीबारी में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। प्राधिकारियों ने बताया कि स्कूल पहुंचने से पहले छात्र ने अपने दादा-दादी की भी कथित तौर पर हत्या कर दी थी।

अधिकारियों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर ने खुदकुशी कर ली।

घटनास्थल पर मौजूद उप गृह मंत्री पोलापी सुवंचवी ने कहा कि सुबह करीब 10 बजे बैंकॉक के उत्तर-पश्चिम में नोंथाबुरी प्रांत स्थित ‘देबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल’ में गोलीबारी में शिक्षक और प्रशासकीय अधिकारी समेत स्कूल के पांच कर्मचारियों की मौत हो गई।

सुवंचवी ने बताया कि स्कूल में गोलीबारी करने से पहले हमलावर ने अपने घर पर दादा-दादी की भी हत्या कर दी थी।

प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने स्कूल का दौरा करने के बाद पुष्टि की कि हमलावर 14 वर्षीय छात्र था और उसने बाद में आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि अपने दादा-दादी के साथ रहने वाले इस छात्र में स्कूल से जुड़े तनाव के संकेत दिखाई दे रहे थे।

प्रधानमंत्री ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल छात्र के दादा के नाम पर पंजीकृत थी।

घटना के लगभग एक घंटे बाद सामने आई तस्वीरों में लोग स्कूल के बाहर एक-दूसरे को सांत्वना देते दिखे, जबकि पुलिस और बचाव दल स्कूल के अंदर स्थिति का जायजा ले रहे थे।

इस स्कूल में 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 3,000 विद्यार्थी पढ़ते हैं।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने संवाददाताओं को बताया कि जब अन्य भवन से गोलियां चलने की आवाजें आईं तो छात्र एक कक्षा के अंदर छिप गए। बाद में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें बाहर निकाला।

स्कूल से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित बंगयाई अस्पताल प्रशासन ने बताया कि 23 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 10 की हालत गंभीर है। अधिकांश गोली लगने से घायल हुए है।

स्कूल में गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस हमलावर के दादा-दादी के घर पहुंची, लेकिन दरवाजा बंद था और आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। क्षेत्रीय पुलिस कमांडर वत्ताना यीजीन ने बताया कि इसके बाद पुलिस दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई।

उन्होंने बताया कि घर के अंदर दादा और दादी दोनों मृत मिले। शुरुआती जांच में उनके शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं।

पुलिस जांच के दौरान परिवार के कई सदस्यों ने बताया कि छात्र आमतौर पर अकेला रहता था और पढ़ाई में अच्छा था।

परिजनों ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि वह घर या स्कूल में किसी तरह की परेशानी से जूझ रहा था।

इसी साल फरवरी में दक्षिणी थाईलैंड के एक सरकारी स्कूल में 17 वर्षीय लड़के ने पुलिस की बंदूक चुराकर अंधाधुंध गोलीबारी की थी और लोगों को बंधक बना लिया था। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हुए थे।

इससे पहले 2023 में बैंकॉक के एक शॉपिंग मॉल में 14 वर्षीय लड़के द्वारा गोलीबारी किए जाने का मामला सामने आया था।