हापुड़ (उप्र): 13 अगस्त (ए) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी 2022 में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर हुए जानलेवा हमले के मुकदमे में अपना बयान दर्ज कराने के लिए बृहस्पतिवार को हापुड़ जिला न्यायालय में पेश हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
तीन फरवरी, 2022 को विधानसभा चुनाव प्रचार के बाद ओवैसी मेरठ से दिल्ली लौट रहे थे। तभी पिलखुवा के छिजारसी टोल प्लाजा के पास उनके काफिले पर गोलीबारी की गई थी। इस हमले में ओवैसी बाल-बाल बच गए थे।
पुलिस ने इस मामले में गौतमबुद्धनगर के दुरियाई बादलपुर निवासी सचिन और सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र के सापला बेगमपुर निवासी शुभम को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने बताया था कि हमले में इस्तेमाल हथियार मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र के राधना गांव निवासी अलीम ने दिए थे। इसके बाद पुलिस ने अलीम को भी गिरफ्तार किया था। वर्तमान में तीनों आरोपी जमानत पर हैं।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ करीब 1900 पन्नों का आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया है जिसमें 12 पुलिसकर्मियों समेत कुल 60 गवाह हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि ओवैसी के आगमन को देखते हुए हापुड़ कचहरी परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई और परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
