लंदन: एक सितंबर (ए) यूक्रेन पर रूस के हालिया हमलों में मारे गए 12 लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इन हमलों में ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से यूक्रेन के कई शहरों को निशाना बनाया गया, जिससे आवासीय इमारतों और असैन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा।उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कुल मिलाकर 12 लोग मारे गए, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है, और हमले में दर्जनों अन्य लोग घायल हुए। जिन लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों और प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। हमलों के बारे में विस्तार से बताते हुए, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, कई शहरों और इलाकों में, रूसी हमले के बाद की स्थिति से निपटने का काम कल रात से ही चल रहा है अकेले कीव और उसके आस-पास के इलाके में लगभग 350 बचावकर्मी काम में जुटे हैं। हमले में बड़ी संख्या में जेट-पावर्ड ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया।
