कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल: पायलट को पंजाब और सुरजेवाला को गुजरात का प्रभार

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: पांच सितंबर (ए) कांग्रेस ने शनिवार को अपने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए छह राज्यों के लिए नए प्रभारी नियुक्त किए।

पार्टी ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महासचिव भूपेश बघेल को असम, महासचिव सचिन पायलट को पंजाब और महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का प्रभारी बनाया है। इन नियुक्तियों को आने वाले विधानसभा चुनावों और राज्यों में संगठन को मजबूत करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और महासचिव भूपेश बघेल को असम का प्रभारी बनाया गया है। वह अब तक पंजाब के प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे।

कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट को पंजाब का प्रभार सौंपा गया है, जो अब तक छत्तीसगढ़ के प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे।

पार्टी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक का स्थान लिया है।

वासनिक महासचिव बने रहेंगे, हालांकि फिलहाल उन्हें किसी राज्य का प्रभार नहीं दिया गया है।सुरजेवाला गुजरात के साथ-साथ कर्नाटक के प्रभारी महासचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

इसके अलावा सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़, डॉ. श्रीवेल्ला प्रसाद को महाराष्ट्र और पी.वी. मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है।

कांग्रेस ने कार्यमुक्त किए गए महासचिवों एवं प्रभारियों जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर के योगदान की सराहना की है।

असम विधानसभा चुनाव में हार के बाद जितेंद्र सिंह ने प्रभारी पद से इस्तीफा दिया था। चेन्निथला केरल के गृह मंत्री और टैगोर तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बन चुके हैं।