ईरान ने अमेरिकी विमानवाहक पोत पर दागी मिसाइलें, भड़का अमेरिका

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

दुबई-काहिरा ,छह सितंबर (ए)।अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष में शनिवार को तनाव और बढ़ गया।  ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने अमेरिकी विमानवाहक पोत और एक विध्वंसक पोत पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागने का दावा किया है। ईरान का कहना है कि दोनों जहाज उसके पोतों को परेशान कर रहे थे और समुद्री नाकाबंदी में शामिल थे।अल जजीरा और ईरानी न्यूज एजेंसी तस्नीम के अनुसार, आईआरजीसी ने दावा किया है कि उनकी मिसाइल स्ट्राइक में अमेरिकी जहाजों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसके बाद डरकर दोनों युद्धपोत उस इलाके से भागने पर मजबूर हो गए। दूसरी ओर अमेरिका ने अपने जहाजों पर हमले की बात कही, लेकिन कहा कि वे सुरक्षित रहे। अमेरिकी सेना ने दावा किया कि ईरानी मिसाइल हमलों के जवाब में उसने तीन ईरानी तेल टैंकरों को निशाना बनाया। अमेरिकी सेना ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर ईरान के सीमित और असुरक्षित तेल बेड़े को भी नष्ट किया जाएगा। अमेरिकी सेना के बयान के मुताबिक, क्षेत्र में गश्त के दौरान एक अमेरिकी विमानवाहक पोत और एक विध्वंसक पोत ने ईरान की ओर से किए गए कई बिना उकसावे वाले हमलों से खुद को बचाया। इस दौरान किसी अमेरिकी सैन्यकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। अमेरिकी सेना ने कहा कि उसके हमलों में दो ईरानी तेल टैंकरों को स्थायी रूप से निष्क्रिय कर दिया गया, जबकि तीसरे खाली टैंकर को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। अमेरिका के अनुसार, ये टैंकर ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड और क्षेत्र में उसके सशस्त्र सहयोगी संगठनों को आर्थिक मदद पहुंचाने वाले एक गुप्त नेटवर्क का हिस्सा थे। इससे पहले ईरान ने आरोप लगाया था कि अमेरिका ने फारस की खाड़ी में खार्ग द्वीप के पास एक ईरानी तेल टैंकर पर हमला किया। अमेरिकी सेना ने बताया कि एक टैंकर को खार्ग द्वीप के पास, दूसरे को जास्क के निकट और खाली टैंकर को ओमान की खाड़ी में निशाना बनाया गया।