लखीमपुर खीरी (उप्र): सात सितंबर (ए) लखीमपुर खीरी जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में लखीमपुर-सीतापुर राजमार्ग पर ओयल कस्बे में एक तेज रफ्तार कार के बिजली के ट्रांसफॉर्मर से टकराने से उसमें सवार तीन युवकों की मौत हो गई और इतने ही लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ओएल पुलिस चौकी के प्रभारी डिंपल कुमार ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रविवार देर रात सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित ओयल कस्बे में लखीमपुर-सीतापुर राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार कार बिजली के ट्रांसफॉर्मर से जा टकरायी।
उन्होंने बताया कि इस घटना में आयुष कुमार, आकाश वर्मा और शिवा सिंह नामक युवकों की मौत हो गई तथा तीन अन्य नौजवान जख्मी हो गए।
कुमार ने बताया कि मरने वाले युवक 21 से 25 साल की उम्र के थे।
उन्होंने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद लखनऊ ले जाया गया। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
