नयी दिल्ली: 21 सितंबर (ए) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में रिश्वतखोरी की शिकायत मिलने पर सोमवार को मंत्रालय के एक विपणन अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया।
मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, शिकायत के मुताबिक कृषि मंत्रालय में विपणन अधिकारी अनुराग ने सीहोर में निरीक्षण के दौरान सब्सिडी की राशि जारी करने के बदले कथित तौर पर पैसे की मांग की थी।
विज्ञप्ति में बताया गया कि अधिकारी ने भैरूंदा तहसील के ‘शिवाय वेयरहाउस’ से एक लाख रुपये और रेहटी क्षेत्र के बहेराखेड़ी गांव स्थित ‘श्री कृष्ण वेयरहाउस’ से कथित तौर पर 60,000 रुपये मांगे थे।
केंद्रीय मंत्री ने अपने संज्ञान में यह शिकायत लाए जाने के बाद आरोपों को ‘गंभीरता से लिया’ और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बयान में कहा गया, ‘इन निर्देशों के बाद, विपणन अधिकारी अनुराग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।’
