थप्पड़ मारने के मामले में प्रवेश वर्मा पर एफआईआर नहीं हुई तो अदालत जाएंगे: आम आदमी पार्टी

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 30 सितंबर (ए) आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को कहा कि तीन दिन पहले एक आम नागरिक को थप्पड़ मारने के मामले में लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो पार्टी अदालत का रुख करेगी।

आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी कहा कि वह और उनकी पार्टी के कार्यकर्ता आज भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) कार्यालय जाएंगे और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करेंगे।भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘पिछले तीन दिन से हम मांग कर रहे हैं कि वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए, लेकिन दिल्ली पुलिस इसका उलटा कर रही है और हमारे खिलाफ मामले दर्ज कर रही है और हमें डरा रही है। अगर पुलिस ने अपना कर्तव्य नहीं निभाया तो हम अंतत: प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अदालत जाएंगे।’’

पार्टी ने यह मांग भी की है कि तिलक नगर इलाके में लोक निर्माण विभाग द्वारा जिस सड़क की मरम्मत का काम चल रहा है, उसका केंद्रीय सड़क अनुसंधान संगठन (सीआरआरआई) जैसी किसी सड़क आभियांत्रिकी विशेषज्ञ एजेंसी द्वारा स्वतंत्र ऑडिटिंग कराया जाए।