गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण लगी आग, एक ही परिवार के छह लोग झुलसे

राष्ट्रीय
Spread the love

बेंगलुरु: तीन अक्टूबर (ए) बेंगलुरु के नयनदहल्ली में शनिवार सुबह एक मकान में रसोई गैस सिलेंडर से संदिग्ध रूप से रिसाव होने के कारण आग लगने से एक ही परिवार के छह लोग झुलस गए, जिनमें चार बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, घायलों की पहचान कारिलिंगप्पा (40), पत्नी लक्ष्मम्मा (42), चैत्रा (11), बसव (9) और तीन वर्ष की जुड़वां बच्चियों गीता व गिरिजा के रूप में हुई है।

उसने बताया कि ये लोग मूल रूप से रायचूर से हैं और यहां विनायक लेआउट में एक किराए के मकान में रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब मकान में खाना बन रहा था। इसी दौरान रसोई गैस सिलेंडर से संदिग्ध रिसाव होने के कारण आग लग गई, जिससे सभी छह लोग झुलस गए।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चंद्रा लेआउट पुलिस थाने के कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

उन्होंने बताया कि घायलों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है। उनकी हालत खतरें से बाहर बताई जा रही है।