प्रख्यात फिल्मकार सिंगीतम के निधन पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री, चिरंजीवी और बालकृष्ण ने जताया शोक

राष्ट्रीय
Spread the love

हैदराबाद: चार अक्टूबर (ए) चेन्नई में प्रख्यात फिल्मकार सिंगीतम श्रीनिवास राव के निधन पर रविवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, दिग्गज अभिनेता चिरंजीवी और फिल्म जगत की कई हस्तियों ने शोक व्यक्त किया।

रेड्डी ने कहा कि फिल्म उद्योग में राव के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा और उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

चिरंजीवी ने राव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह एक सच्चे दूरदर्शी थे।

उन्होंने कहा कि राव की कल्पनाशीलता और नए विचारों को तलाशने के साहस ने भारतीय सिनेमा को कुछ सबसे अविस्मरणीय फिल्में दीं।

अभिनेता ने कहा कि सिनेमा में राव के योगदान को हमेशा सम्मान और स्नेह के साथ याद किया जाएगा।

पवन कल्याण ने कहा कि ‘मयूरी’, ‘आदित्य 369’, ‘विचित्र सोदरुलु’, ‘पुष्पक विमानम’ और ‘मयकल मदन कामराजू’ जैसी फिल्मों में राव की रचनात्मकता को काफी सराहा गया।

उन्होंने कहा कि राव की ‘अमेरिका अम्मयी’ और ‘पंतुलम्मा’ जैसी फिल्मों के गीत भी बेहद लोकप्रिय रहे।

कल्याण ने कहा कि 94 वर्ष की आयु में राव द्वारा निर्देशित फिल्म ‘सिंग गीतम’ सिनेमा के प्रति उनके जुनून को दर्शाती है।

लोकप्रिय अभिनेता एवं आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के विधायक एन. बालकृष्ण ने कहा कि उन्होंने और राव ने मिलकर तीन शानदार फिल्में बनाईं।

उन्होंने कहा, ‘‘आदित्य 369’ ने न केवल तेलुगु सिनेमा, बल्कि भारतीय सिनेमा पर भी अपनी अमिट छाप छोड़ी। ‘भैरव द्वीपम’ तेलुगु की पहली कंप्यूटर ग्राफिक्स से बनी फिल्म थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा और लोककथा पर आधारित फिल्मों में आज भी उसका कोई मुकाबला नहीं है। इसके अलावा ‘श्री कृष्णार्जुन विजयम’ पौराणिक शैली की एक उल्लेखनीय फिल्म थी।’’

बालकृष्ण ने कहा कि इन तीन फिल्मों के जरिए उन्होंने और राव ने सामाजिक, ऐतिहासिक, लोककथा और पौराणिक चारों प्रमुख शैलियों के पात्रों को पर्दे पर जीवंत किया।

उन्होंने कहा कि राव का निधन उनके लिए व्यक्तिगत और भारतीय फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति है।