अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश सिद्धार्थ नगर
Spread the love

सिद्धार्थनगर (उप्र): 14 अक्टूबर (ए) सिद्धार्थनगर जिले के भवानीगंज क्षेत्र में दुर्गा पंडाल में दर्शन करके लौट रहे मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि यह हादसा भवानीगंज थाना क्षेत्र में बयारा चौराहे के पास 13/14 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे हुआ, जब एक मोटरसाइकिल पर सवार इंद्रजीत, विशाल और मुकेश दुर्गा पूजा के पंडाल में दर्शन करने के बाद अपने घर जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनकी उम्र 17 से 20 साल के बीच बतायी जाती है। पुलिस ने बताया कि तीनों भवानीगंज थाना क्षेत्र के चौरा बनगांव गांव के निवासी थे।

डुमरियागंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे में युवकों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं।