जदयू ने विधायक अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित किया

पटना बिहार
Spread the love

पटना,24 अक्टूबर (ए)। जद यू ने बिहार में मोकामा के विधायक अनंत सिंह को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। बताया जा रहा है कि जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने अनंत सिंह को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। उनकी पत्नी एवं पूर्व विधायक नीलम देवी को भी जेडीयू से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। साथ ही अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता खत्म करने के लिए पार्टी ने स्पीकर को भी पत्र लिखा है। कुशवाहा ने शनिवार को जारी आदेश में कहा कि विधायक अनंत सिंह बीते कुछ दिनों से लगातार पार्टी के निर्देशों की अवहेलना कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मोकामा विधायक ने जेडीयू शीर्ष नेतृत्व के लिए अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। साथ ही हाल ही में हुए विधान परिषद चुनाव में जेडीयू उम्मीदवार के खिलाफ काम किया और दूसरे दल के कैंडिडेट के पक्ष में प्रचार किया। इस कारण अनंत सिंह की जेडीयू की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई।