बलिया: 24 अक्टूबर (ए) उत्तर प्रदेश के सलेमपुर से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रमाशंकर राजभर ‘विद्यार्थी’ ने शनिवार को दावा किया कि प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन में सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय हो गया है और पार्टी का घोषणापत्र 26 नवंबर को जारी किया जाएगा।
सांसद राजभर ने शनिवार शाम बेल्थरा बाजार गांव स्थित अपने आवास पर ‘समाचार एजेंसी से बातचीत में ‘इंडिया’ गठबंधन में सीट बंटवारे से जुड़े सवाल पर कहा, ‘‘फॉर्मूला हमारा तय है और एक ही फॉर्मूला है कि ‘इंडिया’ गठबंधन में इस बार जीत का फॉर्मूला बन रहा है।’’उन्होंने कहा, ‘‘जिन सीट पर सपा जीत सकती है, वहां सपा लड़ेगी और जिन सीट पर कांग्रेस जीत सकती है, वहां कांग्रेस लड़ेगी। इस बार सीट मायने नहीं रखती, जीत मायने रखती है।’
राजभर ने सपा के घोषणापत्र के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘26 नवंबर को सपा का घोषणापत्र जारी हो जाएगा और इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है।’’
उन्होंने कहा कि घोषणापत्र में जनता की ज्वलंत समस्याओं को शामिल किया जाएगा।
राजभर ने कांग्रेस नेताओं की ओर से 175 से अधिक सीट पर दावेदारी किए जाने के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘दावा करने का सबको अधिकार है। दोनों दलों के शीर्ष नेता बैठकर जो तय करेंगे, वही ‘इंडिया’ गठबंधन की सीट होगी।’’
उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
राज्य विधानसभा में कुल 403 सीट हैं।
