अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी: सोनीपत का युवक इंदौर से गिरफ्तार; सूरत से हथियार बरामद

राष्ट्रीय
Spread the love

मुंबई/इंदौर: 24 अक्टूबर (ए) अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर छह दिन पहले हुई गोलीबारी के मामले में शनिवार को 22 वर्षीय एक युवक को इंदौर में गिरफ्तार कर लिया गया, वहीं मुंबई पुलिस ने सूरत से दो आग्नेयास्त्र बरामद किए जिनका कथित इस्तेमाल इस घटना को अंजाम देने में किया गया था।

पुलिस सूत्रों ने यह भी दावा किया कि 18 अक्टूबर को श्रॉफ पर गोलीबारी करने के बाद भागने वाले हमलावरों को, समाचार चैनलों की कवरेज से पुलिस जांच के बारे में अपने ‘आकाओं’ से पल-पल की जानकारी मिल रही थी, जिससे उन्हें अपने भागने के रास्ते बदलने में मदद मिली। इंदौर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने संवाददाताओं को बताया कि मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने शुक्रवार रात इस मामले में स्थानीय पुलिस से संपर्क किया था और इसके बाद संयुक्त अभियान चलाकर प्रांजल ठाकरान (22) को गिरफ्तार किया गया।

इसके साथ ही, इस मामले में गिरफ्तार किये गए लोगों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।

दंडोतिया ने बताया कि ठाकरान मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है और पांच दिन पहले अपने लकवाग्रस्त भाई के इलाज के सिलसिले में इंदौर आया था।

पुलिस को संदेह है कि उसने हमले में शामिल शूटरों और मुख्य साजिशकर्ताओं को साजोसामान के साथ-साथ वित्तीय, या घटना को अंजाम देने में मदद मुहैया की।

मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध से अपराध शाखा की टीम पूछताछ कर रही, और उसे गिरफ्तार करके ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाने की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस ने सूरत में एक ठिकाने पर छापेमारी की और दो आग्नेयास्त्र, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर गोलीबारी में किया गया था, तथा 10 कारतूस बरामद किए। इससे पहले, पुलिस ने हमलावरों को उपलब्ध कराए गए हथियारों की आपूर्ति की पूरी कड़ी का पता लगाया था।

बरामद किए गए हथियारों और गोला-बारूद को फोरेंसिक जांच और बैलिस्टिक परीक्षण के लिए भेजा गया है, ताकि उनका मिलान घटनास्थल से मिले खोखों से किया जा सके।

मुंबई के जुहू इलाके में 18 अक्टूबर की शाम दो हमलावरों ने श्रॉफ की कार पर कई गोलियां चलाई थीं, जिसमें अभिनेता बाल बाल बच गये थे।

इसके बाद कई राज्यों में जांच शुरू की गई और राजस्थान, उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा से अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गोलीबारी में श्रॉफ के चालक और एक राहगीर को चोटें आई थीं।