सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन से टकराने से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश हापुड़
Spread the love

हापुड़: 27 अक्टूबर (ए) उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर मंगलवार दोपहर सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन से जा टकराने से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसा बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर शाहपुर जट गांव के पास उस समय हुआ, जब एक मोटरसाइकिल पर सवार गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी तीन लोग गढ़ गंगा में अपने मकान मालिक के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, मृतकों की पहचान गोविंद (35), रवि (37) और ब्रजेश (45) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार दोपहर जब तीनों राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर शाहपुर जट गांव के पास पहुंचे, तभी उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन से पीछे से जा टकराई।

सूत्रों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को हापुड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस ने तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।