उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से शादी की

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 31 अक्टूबर (ए) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने यहां टेलीविजन पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली।

उमर (56) ने शनिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शुक्रवार को एक नयी यात्रा शुरू हुई।’ उन्होंने इस पोस्ट में निधि को भी टैग किया।

इस पोस्ट में दंपति की चार तस्वीरें भी शामिल थीं। सूत्रों ने बताया कि दोनों की शादी शुक्रवार को यहां विशेष विवाह अधिनियम के तहत हुई।

शादी में दोनों परिवारों के सदस्य गवाह के रूप में मौजूद थे।

उमर की पहली पत्नी पायल से शादी इस साल जुलाई में उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद समाप्त हो गई थी।

दोनों के बीच समझौता होने के बाद यह आदेश आया था। निधि (49) की यह दूसरी शादी है।

श्रीनगर और नयी दिल्ली में आयोजित शादी समारोहों में दोनों परिवारों के सदस्य एवं करीबी रिश्तेदार शामिल हुए। समारोह में उमर के पिता फारूक अब्दुल्ला और माता मौली, उनकी तीन बहनें तथा अन्य करीबी रिश्तेदार शामिल हुए।

निधि के माता-पिता, वरिष्ठ पत्रकार एमके राजदान और सरला राजदान भी समारोह में मौजूद थे।