राकांपा नेताओं ने विलय की अटकलों को खारिज किया, अटकलों को लेकर अन्य दलों के नेताओं की आलोचना की

राष्ट्रीय
Spread the love

मुंबई: नौ नवंबर (ए) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के एक वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री ने सोमवार को कहा कि शरद पवार द्वारा स्थापित पार्टी के दोनों गुटों के विलय की अटकलों में कोई सच्चाई नहीं है। पार्टी जुलाई 2023 में विभाजित हो गई थी।

नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर नेता ने ‘ कहा, ‘‘कोई विलय नहीं हो रहा है। हम अफवाहों पर प्रतिक्रिया नहीं देंगे।’’

विलय की अटकलों को पिछले सप्ताह उस समय बल मिला, जब सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं ने शरद पवार से मुलाकात की।

इन नेताओं में प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार भी शामिल थे। शरद पवार को हाल ही में सीने में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पार्थ पवार ने शनिवार और रविवार को दक्षिण मुंबई स्थित शरद पवार के आवास ‘सिल्वर ओक’ में उनसे मुलाकात की थी, जबकि पटेल और राकांपा (शरदचंद्र पवार) प्रमुख की मुलाकात पिछले सप्ताह ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुई थी।

सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में शरद पवार और पटेल को 10 नवंबर के बाद संभावित मुलाकात पर चर्चा करते हुए दिखाया गया।

इन अटकलों के बीच राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने दावा किया कि यदि अजित पवार जीवित होते तो दोनों गुटों का विलय इसी साल फरवरी में हो गया होता।

पटेल ने रविवार को पत्रकारों से कहा कि वह शरद पवार का हालचाल जानने के लिए उनसे मिले थे, न कि राजनीतिक चर्चा करने के लिए।

पटेल ने 10 नवंबर के बाद होने वाली मुलाकात को लेकर सामने आए वीडियो पर भी स्पष्टीकरण दिया।

उन्होंने कहा कि शरद पवार को पता था कि वह दिवाली के लिए आठ और नौ नवंबर को गोंदिया में रहेंगे। पटेल ने कहा, ‘‘इसलिए मैंने उनसे कहा था कि मैं 10 नवंबर से मुंबई में रहूंगा और उनके स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए फिर उनसे मिलने पहुंचूंगा।’’

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता को शुरुआत में दो नवंबर को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था और चार नवंबर को छुट्टी दे दी गई थी।

इसके बाद उन्हें दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से शनिवार सुबह उन्हें छुट्टी मिली।

इस बीच, राकांपा के प्रवक्ता उमेश पाटिल ने सोमवार को पार्टी के विलय को लेकर शिवसेना नेता एवं मंत्री संजय शिरसाट की टिप्पणी पर पलटवार किया।

पाटिल ने शिरसाट को जवाब देते हुए कहा, ‘‘आप हमारे विलय को लेकर इतने चिंतित क्यों हैं? आपकी भी शिवसेना की दो शाखाएं हैं। आप विलय का विकल्प क्यों नहीं स्वीकार करते?’’

पाटिल ने आगे सवाल किया कि यदि उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना के दोनों धड़ों का विलय होता है, तो पार्टी का अध्यक्ष कौन बनेगा और किस धड़े के जिला एवं तालुका स्तर के नेताओं को बरकरार रखा जाएगा।

पाटिल ने कहा कि जब शिवसेना के दोनों धड़ों के विलय को लेकर ऐसी कोई चर्चा नहीं हो रही है, तो शिरसाट के लिए राकांपा के विलय पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।

बाल ठाकरे द्वारा स्थापित शिवसेना जून 2022 में दो धड़ों में बंट गई थी।