नवी मुंबई सबसे स्वच्छ शहर; नदी तटीय शहरों में रीवा व हिमालयी शहरों में रुद्रपुर शीर्ष पर

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 11 नवंबर (ए) केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण में नवी मुंबई को सबसे स्वच्छ शहर चुना गया है और उसके बाद सूरत एवं विजयवाड़ा हैं। वहीं, मध्यप्रदेश के रीवा को सबसे स्वच्छ नदी तटीय शहर घोषित किया गया, जबकि उत्तराखंड का रुद्रपुर सबसे स्वच्छ हिमालयी शहर रहा।

दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में ग्रेटर विशाखापत्तनम सबसे स्वच्छ शहर रहा जबकि जबलपुर और लखनऊ को क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान मिला।

तीन से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन सबसे स्वच्छ शहर माना गया। इसके बाद दूसरे और तीसरे पायदान पर क्रमश: चंडीगढ़ और गुंटूर रहे।

‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ के नतीजों की घोषणा बुधवार को की गई।

लगातार आठ साल तक सबसे स्वच्छ शहर का दर्जा हासिल करने वाले इंदौर को इस वर्ष एक अलग श्रेणी में रखा गया। नयी ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल के तहत इंदौर ने देपालपुर के साथ ‘मेंटॉर सिटी’ श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया।

इस श्रेणी में अहमदाबाद ने साणंद के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि तिरुपति-कुप्पम तीसरे नंबर पर रहे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यहां आयोजित एक समारोह में विजेता शहरों को पुरस्कार प्रदान किए। सर्वेक्षण में 4,700 से अधिक शहरी स्थानीय निकायों ने हिस्सा लिया।

सबसे स्वच्छ नदी तट वाले शहरों की श्रेणी में मध्यप्रदेश का रीवा शीर्ष पर रहा, जबकि बिलासपुर को दूसरा और वाराणसी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अनुसार, स्वच्छ तटीय शहर श्रेणी में पुरी शीर्ष पर रहा। इसके बाद केरलम के अलप्पुझा और महाराष्ट्र के रत्नागिरि को जगह मिली।

केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण में रुद्रपुर सबसे स्वच्छ हिमालयी शहर रहा, जबकि जम्मू ने दूसरा स्थान हासिल किया।

इस वर्ष के ‘स्वच्छ सर्वेक्षण’ की थीम थी, ‘स्वच्छता की नयी पहल-बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’।

मंत्रालय ने बताया कि 3,000 से अधिक प्रशिक्षित आकलनकर्ताओं ने रियल टाइम जीपीएस आधारित निगरानी की मदद से देशभर में व्यापक जमीनी मूल्यांकन किया।

पचास हजार से तीन लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में मध्यप्रदेश का देवास सबसे स्वच्छ शहर रहा, जबकि नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) क्षेत्र दूसरे स्थान पर और मध्यप्रदेश का सागर तीसरे पायदान पर रहा।

बीस हजार से 50 हजार की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में महाराष्ट्र का वीटा शीर्ष पर रहा। ओडिशा का अस्का और गोवा का पणजी क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।