पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमले में डीएसपी समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

पेशावर: 11 नवंबर (ए) पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस की एक गाड़ी पर बुधवार को आतंकवादियों के हमले में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह हमला तब हुआ जब पुलिस सोने के अवैध रूप से खनन के खिलाफ अभियान के लिए जा रही थी। आपात सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ के एक बयान के मुताबिक, हमले में मरने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है, जबकि 12 अन्य घायल हुए हैं। एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार के मुताबिक, यह हमला कोहाट के गंबट इलाके में हुआ।

कोहाट पुलिस के प्रवक्ता मोहम्मद नौमान जैब ने बताया कि पुलिस टीम सोने के अवैध रूप से खनन के खिलाफ छापेमारी करने जा रही थी। इसी दौरान कोहाट और करक के बीच स्थित दरबोकाच जालंधर बांदा इलाके में उस पर गोलीबारी की गई।

हमलावरों ने पहाड़ियों से पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की, जिसमें कई पुलिसकर्मी हताहत हुए और पुलिस के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

जैब ने बताया कि मृतकों में गंबट के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) हैदर जमान और उपनिरीक्षक मुख्तियार शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि हमले के दौरान पुलिस की पांच गाड़ियों को भी आग लगा दी गई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर लगातार गोलीबारी की, जिसके जवाब में दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी हुई।

हमले के बाद अतिरिक्त पुलिस वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया, जबकि जवाबी कार्रवाई के लिए पुलिस का एक बड़ा दस्ता बुलाया गया।