भारत ने वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर नौ की : गृह मंत्रालय

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 11 नवंबर (ए) केंद्र सरकार ने विदेशी नागरिकों के लिए वीजा प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से मुख्य भारतीय वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर नौ और उप-श्रेणियों की संख्या 49 से घटाकर 23 कर दी है। इसके साथ ही वीजा आवेदन फॉर्म में भरे जाने वाले विवरण की संख्या में भी 65 से 70 प्रतिशत तक की कटौती की गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इन बदलावों का उद्देश्य वीजा व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित एवं सुसंगत बनाना और भारत आने वाले विदेशी नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप ढालना है।

गृह मंत्रालय ने 27 अगस्त को मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर नौ और उप-श्रेणियों की संख्या 49 से घटाकर 23 कर दी थी। इससे पहले, अक्टूबर 2025 में भी वीजा श्रेणियों को तर्कसंगत बनाने की प्रक्रिया के तहत मुख्य श्रेणियों की संख्या 22 से घटाकर 13 और उप-श्रेणियों की संख्या 63 से घटाकर 49 की गई थी।

बयान में कहा गया, “भारतीय वीजा व्यवस्था को सरल बनाने पर विचार करते समय सरकार ने विकसित देशों की वीजा प्रणालियों और वैश्विक मानकों का अध्ययन किया।”

इसमें कहा गया कि यात्रा के समान उद्देश्यों वाली वीजा श्रेणियों को एक साथ करने का मकसद वैध रूप से भारत आने वाले विदेशी नागरिकों की सुविधा बढ़ाने के साथ ही उनके लिए उपयुक्त वीजा श्रेणी की पहचान को अधिक स्पष्ट और आसान बनाना है।

बयान के मुताबिक, फिलहाल 172 देशों के नागरिकों को ई-वीजा की सुविधा उपलब्ध है और इसके तहत 13 उप-श्रेणियों में आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जाती है।

पहले ‘पर्यटक’ वीजा के नाम से जानी जाने वाली श्रेणी का नाम बदलकर ‘आगंतुक वीजा’ कर दिया गया है। इसका उद्देश्य पारंपरिक पर्यटन के अलावा यात्रा के अन्य अनुमत उद्देश्यों को भी इसमें शामिल करना है। इस श्रेणी को दो उप-श्रेणियों, वी-1 और वी-2 में समेट दिया गया है।

चिकित्सा वीजा व्यवस्था में पारंपरिक और आयुष चिकित्सा पद्धतियों के तहत इलाज के लिए अलग-अलग प्रावधान बरकरार रखे गए हैं।

छात्र वीजा श्रेणी को दो व्यापक उप-श्रेणियों में समेट दिया गया है।

व्यापार वीजा श्रेणी को बी-1 और बी-2 नाम की दो उप-श्रेणियों में बांटा गया है। बी-1 वीजा के तहत लाइसेंस के आधार पर लंबे समय तक की जाने वाली कारोबारी गतिविधियां शामिल हैं। इसमें भारत में औद्योगिक या कारोबारी उपक्रम स्थापित करने के इच्छुक विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

गृह मंत्रालय ने सभी 23 श्रेणियों और उप-श्रेणियों के लिए वीजा आवेदन फॉर्म को सरल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक कवायद भी की है।