तेज रफ्तार कार द्वारका एक्सप्रेसवे की दीवार से टकराई, युवक की मौत

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 13 नवंबर (ए) दिल्ली में द्वारका एक्सप्रेसवे की सुरंग में करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही एक कार दीवार से टकरा गई, जिससे उसमें आग लग गई और कार में सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का इंजन उखड़कर अलग हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी अभिनव सिंह के रूप में हुई है। हादसे के समय वह लुधियाना से गुरुग्राम जा रहा था, जहां वह सेक्टर 42 में रहता था। दुर्घटना शिव मूर्ति इंटरचेंज के पास हुई।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अभिनव सुरंग के अंदर कथित तौर पर करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मॉडिफाइड फॉक्सवैगन वर्टस कार चला रहा था, जबकि वहां निर्धारित गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा है।

हादसे से कुछ समय पहले अभिनव ने कथित तौर पर कार के स्पीडोमीटर के वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड की थीं और उन्हें स्नैपचैट के जरिए अपने दोस्तों को भेजा था। पुलिस जांच के तहत इन वीडियो और तस्वीरों को हासिल करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरंग के सीसीटीवी फुटेज में कार बेहद तेज रफ्तार से, लगभग रॉकेट की तरह दौड़ती हुई दिखाई दे रही है। इसके बाद वह सुरंग को राष्ट्रीय राजमार्ग-48 से जोड़ने वाले मोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

दिल्ली पुलिस हादसे की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि अभिनव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में उनके परिवार को सौंप दिया गया।

उन्होंने बताया कि अभिनव की मां शिक्षिका हैं और बिहार में रहती हैं।