रुद्रपुर: 13 नवंबर (ए) उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में शुक्रवार को जिला अस्पताल परिसर में दिनदहाड़े चाकू से हमला कर एक कारोबारी की हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, शहर के जगतपुरा-आवास विकास क्षेत्र में सुबह दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद मोबाइल कारोबारी राजकुमार उर्फ नितेश जौहरी जिला अस्पताल पहुंचे थे, जहां कुछ लोगों ने उन पर चाकू से कई वार किए।
हमले में जौहरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जौहरी और कथित हमलावर अमन प्रजापति मोबाइल फोन का कारोबार करते हैं और उनकी दुकानें आमने-सामने हैं।
पुलिस ने बताया कि प्रतिस्पर्धा को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव था और शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना में चार लोगों के घायल होने की भी जानकारी मिली है।
पुलिस ने बताया कि मारपीट में घायल लोगों को उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए रुद्रपुर जिला अस्पताल लाया गया था तथा इसी दौरान अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया, जहां जौहरी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया।
रुद्रपुर के विधायक शिव अरोड़ा भी जिला अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया और साथ ही पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा।
अरोड़ा ने कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाना चाहिए।
पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद फरार हुए हमलावरों की तलाश की जा रही है और घटना के कारणों व इसमें शामिल लोगों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
