गंगटोक: 13 नवंबर (ए) भारतीय सेना की त्रिशक्ति कोर ने भारी बर्फबारी के कारण पूर्वी सिक्किम में नाथूला, बाबा मंदिर और सोमगो झील के पास फंसे 900 से अधिक पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि चुनौतीपूर्ण मौसम परिस्थितियों के बीच यह बचाव अभियान चलाया गया। बृहस्पतिवार को भारी बर्फबारी के कारण आवाजाही बाधित हो गई थी और ऊंचाई वाले इलाकों में बड़ी संख्या में पर्यटक तथा स्थानीय लोग फंस गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि सेना के जवानों ने प्रभावित लोगों को बचाया और पर्यटकों के बीच लोकप्रिय इस इलाके से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
नाथूला चीन की सीमा से सटा एक दर्रा है। बाबा मंदिर एक धार्मिक स्थल है, जहां कैप्टन हरभजन सिंह को श्रद्धांजलि दी जाती है। स्थानीय लोगों का मानना है कि 1968 में ड्यूटी के दौरान उनकी मृत्यु के बाद भी उनकी आत्मा अंतरराष्ट्रीय सीमा की रक्षा करती है। वहीं, सोमगो या छांगू झील ऊंचाई पर स्थित एक हिमनदीय झील है।