लखनऊ: 13 नवंबर (ए) समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को दावा किया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने षड्यंत्र के तहत और समाज में भय फैलाने के लिए मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने की बात कही है।
लखनऊ में पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यादव ने कहा, “मुख्यमंत्री को किसी तरह पहले से पता है कि कितने वोट मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। मुझे लगता है कि उन्होंने एक गहरे षड्यंत्र के तहत यह बात कही। उन्होंने बहुत समझदारी से यह बात कही ताकि समाज में भय फैले जिससे उन्हें लाभ हो सके।” उन्होंने कहा, “एक मुख्यमंत्री जो शपथ लेता है, यह कभी नहीं कह सकता कि 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से कटे हैं। निर्वाचन आयोग ने उन्हें कैसे यह सूचना दी, यह रहस्य है।”
सपा के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) नारे का उल्लेख करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “असली रहस्य यह है कि उन्हें कैसे पता चला कि 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। यदि हमें कहना होता तो हम कहते कि 90 प्रतिशत ‘पीडीए’ वोट कटे हैं या एक करोड़ ‘पीडीए’ वोट काटे गए हैं।”उन्होंने कहा, “मैं यह पक्के विश्वास के साथ कह रहा हूं क्योंकि मुझे लगता है कि निर्वाचन आयोग ने उन्हें धमकाया है। पिछले दो दिन से मैं उनके भाषण सुन रहा हूं और यह समझने की कोशिश कर रहा हूं कि वह अपने भाषण में 1.27 करोड़ (हिंदू मतदाताओं के नाम कटने) के बारे में क्यों नहीं बोल रहे हैं।”
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा अब मध्यप्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और संभवत: अन्य राज्यों से लोगों को लाकर उन्हें मतदाता के रूप में पंजीकृत कराने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि वोटों के लिहाज से भाजपा पहले ही हार चुकी है। यादव ने कहा, “अगर हम मान लें कि भाजपा के 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं, तो इसका मतलब है कि हर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 31,000 वोट कम हुए हैं। इसी हार के डर से कोई बड़ी साजिश रची जा रही है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मतदान के दिन के लिए भी तैयारी कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “ भाजपा की योजना यह सुनिश्चित करने की है कि मतदान केंद्र के अंदर मौजूद अंतिम मतदाता सूची, बाहर प्रदर्शित सूची से अलग हो। ऐसे में जब कोई मतदाता वोट डालने पहुंचेगा, तो उसे यह कहकर लौटा दिया जाएगा कि सूची में उसका नाम नहीं है।”
