उप्र के कई शहरों में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’, कुछ में प्रदूषण से राहत

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ: 15 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के कई शहरों में रविवार को वायु गुणवत्ता ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि कुछ अन्य शहरों में पिछले दिन की तुलना में वायु गुणवत्ता में सुधार देखा गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

सीपीसीबी के बुलेटिन के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और मुजफ्फरनगर में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ रही। रविवार को वहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) क्रमशः 323 और 338 दर्ज किया गया। वहीं, गजरौला में एक्यूआई 319 रहा।मुरादाबाद में एक्यूआई शनिवार के 294 से बढ़कर रविवार को 323 हो गया, जबकि मुजफ्फरनगर में यह 295 से बढ़कर 338 पर पहुंच गया। इसके विपरीत, गजरौला में सुधार दर्ज किया गया, जहां एक्यूआई 330 से घटकर 319 रह गया।

गाजियाबाद में एक्यूआई 243 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले 333 था। ग्रेटर नोएडा में यह 324 से घटकर 225 और नोएडा में शनिवार के 318 के मुकाबले 265 रहा। मेरठ में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ, जहां एक्यूआई 367 से घटकर 217 पर आ गया।

बागपत में एक्यूआई 235 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले 249 था, जबकि बड़ौत में यह 320 से घटकर 214 रह गया। अन्य शहरों में हापुड़ का एक्यूआई 145 रहा, जबकि शनिवार को यह 341 था। मोदीनगर में यह 325 से घटकर 250 और बुलंदशहर में 248 से घटकर 207 दर्ज किया गया।

कानपुर में एक्यूआई 202 रहा, जो शनिवार के 206 के मुकाबले थोड़ा कम है। अनपरा में यह 265 से बढ़कर 281 हो गया, जबकि वाराणसी में 150 से बढ़कर 216 पर पहुंच गया।

राजधानी लखनऊ में रविवार को एक्यूआई 211 दर्ज किया गया, जो शनिवार के 255 के मुकाबले बेहतर है। हालांकि, लखनऊ में वायु गुणवत्ता अब भी ‘खराब’ श्रेणी में है। शहर का औसत एक्यूआई सभी छह निगरानी केंद्रों के आंकड़ों पर आधारित है।

आगरा में एक्यूआई 132 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले 142 था। बरेली में यह 98 से थोड़ा बढ़कर 103 और गोरखपुर में शनिवार के 84 के मुकाबले 112 रहा। प्रयागराज का एक्यूआई 126 से बढ़कर 141 हो गया, जबकि रायबरेली में यह 154 से बढ़कर 225 पर पहुंच गया।

मथुरा में एक्यूआई 167 से सुधरकर 124 रह गया। फिरोजाबाद में यह 93 दर्ज किया गया, जो शनिवार को 130 था। झांसी में एक्यूआई 83 से बढ़कर 90 हो गया, जबकि शामली में इसमें उल्लेखनीय सुधार हुआ और यह 230 से घटकर 90 रह गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

सीपीसीबी के अनुसार, ‘खराब’ वायु गुणवत्ता के लंबे समय तक संपर्क में रहने से ज्यादातर लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो सकती है, जबकि ‘बहुत खराब’ वायु गुणवत्ता से सांस संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। ‘गंभीर’ श्रेणी की वायु गुणवत्ता स्वस्थ लोगों को भी प्रभावित करती है और पहले से बीमार लोगों पर इसका गंभीर असर पड़ता है।