समलैंगिक डेटिंग ऐप के जरिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने के आरोप में चिकित्सक समेत पांच गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

हैदराबाद: 17 नवंबर (ए) समलैंगिक डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को कथित तौर पर अपने जाल में फंसाकर चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने के आरोप में एक चिकित्सक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मलकाजगिरि पुलिस ने यह जानकारी दी।

आरोपियों ने कथित तौर पर डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को निशाना बनाया। वे ऑनलाइन चैट और वीडियो कॉल के माध्यम से संभावित पीड़ितों से संपर्क स्थापित करते थे।

बातचीत के दौरान वे ऐसे लोगों की पहचान करते थे, जिनके पास सोने के आभूषण होते थे। साथ ही, वे उनकी शराब पीने की आदतों, घर के पते और इस बात की जानकारी जुटाते थे कि वे अकेले रहते हैं या नहीं। पीड़ितों का विश्वास जीतने के बाद वे सुविधाजनक तारीख, समय और स्थान तय करते थे और बीयर की बोतलें लेकर उनके घर पहुंचते थे।

पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, एक आरोपी पीड़ित का ध्यान भटकाता था, जबकि दूसरा बीयर में नशीला पदार्थ मिला देता था। पीड़ितों के नशीली दवा मिली बीयर पीने के बाद बेहोश हो जाने पर आरोपी कथित तौर पर सोने की चेन, अंगूठियां और अन्य कीमती सामान चुराकर फरार हो जाते थे।

मलकाजगिरि पुलिस आयुक्तालय के उप्पल, कुशाईगुड़ा और हयातनगर पुलिस थानों में तीन मामले दर्ज किए गए हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि आगे की जांच में साइबराबाद और हैदराबाद पुलिस आयुक्तालयों तथा आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में दर्ज इसी तरह के अपराधों में भी आरोपियों की संलिप्तता का पता चला है।

विज्ञप्ति में कहा गया कि पुख्ता सूचना के आधार पर उप्पल और कुशाईगुड़ा पुलिस थानों की विशेष टीमों ने 16 नवंबर को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक अन्य आरोपी फरार था।

आरोपियों का संबंध मलकाजगिरि, साइबराबाद, हैदराबाद और विशाखापत्तनम पुलिस क्षेत्रों में दर्ज 14 मामलों से पाया गया है।

विज्ञप्ति में कहा गया कि जांच के तहत ऐप से जुड़े साक्ष्यों और आरोपियों द्वारा कथित तौर पर पीड़ितों की पहचान करने और उन्हें निशाना बनाने के लिए इस्तेमाल किए गए संचार माध्यमों की जांच की जा रही है। इसके अलावा, अन्य पीड़ितों की पहचान करने, इसी तरह के अपराधों का पता लगाने और कथित नेटवर्क के दायरे का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

आरोपियों के अपराध करने के तरीके को देखते हुए पुलिस ने लोगों को ऑनलाइन डेटिंग और सोशल नेटवर्किंग ऐप का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने की सलाह दी है।