ठाणे: 21 नवंबर (ए) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने एक ऑर्केस्ट्रा बार पर छापा मारकर कथित तौर पर असभ्य गतिविधियां करने और तय समय-सीमा के बाद भी बार खुला रखने के आरोप में ग्राहकों एवं कर्मचारियों सहित 41 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने 19 नवंबर को तड़के करीब दो बजे भिवंडी तालुका के वलगांव इलाके में स्थित ‘माउली ऑर्केस्ट्रा बार एंड रेस्तरां’ पर छापा मारा।
एक शिकायत के आधार पर नारपोली पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 (अश्लील कृत्य और गाने) तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बार प्रबंधक प्रवीण नेमू पुजारी (38) और कैशियर प्रदीप तुकाराम राय (47) ने कथित तौर पर आर्थिक लाभ के लिए खानपान संबंधी चीजे परोसने वाले पांच कर्मचारियों और 34 ग्राहकों के साथ मिलीभगत की। उनपर आरोप है कि उन्होंने 24 महिला कर्मचारियों को आपत्तिजनक कपड़े पहनने और अशोभनीय गतिविधियां करने के लिए मजबूर किया।
अधिकारी ने बताया कि पुजारी और राय ने कथित तौर पर निर्धारित समय-सीमा के बाद भी बार खुला रखा और ग्राहकों को शराब की बिक्री जारी रखी।
उन्होंने कहा कि मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
