नयी दिल्ली: 27 नवंबर (ए) दिल्ली के शकूरपुर इलाके में तेज रफ्तार से कार चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक की गर्दन पर चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शकूरपुर की जेजे कॉलोनी के योगेश के रूप में हुई है। उसे हमले के बाद जख्मी हालात में महाराजा अग्रसेन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार, घटना बृहस्पतिवार देर रात करीब एक बजे की है। योगेश अपने दोस्तों के साथ शकरपुर की जेजे कॉलोनी के जी-ब्लॉक रोड पर खड़ा था और इसी दौरान एक कार में सवार लोगों से तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने को लेकर उसका विवाद हो गया।
पुलिस के मुताबिक, कहासुनी के दौरान कार सवार लोगों में से एक ने योगेश की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि घटना अचानक हुए विवाद के बाद हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे और एक ही इलाके के रहने वाले हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
