पटना: 27 नवंबर (ए) बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओयू) ने धनशोधन की जांच के सिलसिले में बिहार और झारखंड में छापेमारी करके एक कथित आपराधिक गिरोह के सरगना और उसकी पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान नकदी, संपत्ति के दस्तावेज और अन्य कीमती सामान जब्त किए गए।
ईओयू के अनुसार, मुख्य आरोपी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव पिछले 15-16 वर्षों से कथित तौर पर एक संगठित आपराधिक गिरोह चला रहा था।
गिरोह पर रंगदारी, सशस्त्र लूट, अपहरण, अवैध बालू खनन, जमीन कब्जाने और सरकारी कर्मियों पर हमला करने जैसी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र कुमार सुमन, उसके बेटे आर्यन कुमार, पत्नी सुनीता कुमारी और सहयोगी रोशन राज उर्फ रोशन कुमार उर्फ धनंजय कुमार के रूप में हुई है। आरोपी सुनीता देवी पिछले 10 वर्षों से गया जिले के धोबी प्रखंड की प्रखंड प्रमुख हैं।
ईओयू के मुताबिक, गिरोह के खिलाफ वर्ष 2001 से गया, बोकारो, रांची और अन्य स्थानों पर 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इन मामलों में हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, अपहरण, लूट, जमीन कब्जाने और शस्त्र अधिनियम के तहत अपराध शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि सुरेंद्र सुमन और उसके परिवार के सदस्यों ने पिछले 15-16 वर्षों में 67 रजिस्ट्री के माध्यम से जमीन, फ्लैट और मकान समेत 67 संपत्तियां अर्जित कीं।
इन संपत्तियों का अनुमानित रजिस्ट्री मूल्य 15 करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि कुछ संपत्तियों का सरकारी निर्धारित मूल्य इससे कई गुना अधिक है।
ईओयू ने बताया कि एक बड़ी जमीन, जिसका सरकारी मूल्यांकन 28 करोड़ रुपये था, का कथित तौर पर महज 1.5 करोड़ रुपये में बैनामा कराया गया था।
अदालत से तलाशी वारंट मिलने के बाद ईओयू अधिकारियों, विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और गया, पटना, औरंगाबाद तथा झारखंड के चतरा जिले की पुलिस टीम ने शुक्रवार को 10 आवासीय ठिकानों पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान 73.5 लाख रुपये नकद, संपत्ति की रजिस्ट्री से संबंधित 106 दस्तावेज, जमीन खरीद के 51 समझौतों से जुड़े कागजात, 38 बैंक खातों का विवरण और आभूषण खरीद की कई रसीदें जब्त की गईं।
जांचकर्ताओं ने सुरेंद्र सुमन और उसकी फर्म मोनू एंटरप्राइजेज के नाम पर पंजीकृत आठ वाहन भी बरामद किए। इनमें टोयोटा फॉर्च्यूनर, स्कॉर्पियो, सफारी और भारी वाहन शामिल हैं।
ईओयू ने बताया कि गया में सुरेंद्र सुमन के आवास से 51 पन्नों की एक गोपनीय डायरी भी जब्त की गई है। इसमें कथित तौर पर कई अधिकारियों के साथ वित्तीय लेनदेन का उल्लेख है। डायरी में दर्ज विवरण की जांच और सत्यापन किया जाएगा।
ईओयू ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य संगठित आपराधिक गिरोहों के वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करना और अपराध के जरिए कथित तौर पर अर्जित संपत्तियों की पहचान करना है।
