कीव: 27 नवंबर (ए) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के नेता व्लादिमीर पुतिन के प्रति अमेरिकी रुख पर नाराजगी जताई और कहा कि यूक्रेन पर रूसी हमले रोकने के लिए अमेरिका पुतिन पर अधिक दबाव डाले।
यह ऐसे समय में कीव और वाशिंगटन के बीच बढ़ते तनाव का ताजा संकेत है, जब यूक्रेन के लिए यूरोप की वित्तीय प्रतिबद्धताओं पर भी सवालिया निशान लगने लगा है।
जेलेंस्की ने बीबीसी के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि वह चाहते हैं कि अमेरिका पुतिन पर हमले को रोकने के लिए और अधिक दबाव डाले। इस साक्षात्कार का प्रसारण शुक्रवार को किया गया।
रूस-यूक्रेन युद्ध करीब पांच साल पहले शुरू हुआ था और शांति समझौता के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों के बावजूद यह जारी है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने हाल ही में चीन में हुए एक शिखर सम्मेलन में ट्रंप द्वारा पुतिन को ‘‘मेरा मित्र’’ कहे जाने को ‘‘अजीब’’ बताया।
जेलेंस्की ने कीव में ब्रिटिश प्रसारक से कहा, ‘‘वह मित्र नहीं हो सकते।’’
जेलेंस्की की ये टिप्पणियां प्रसारित होने से एक दिन पहले ट्रंप के दामाद और युद्ध समाप्त कराने के लिए मध्यस्थता की कोशिश कर रहे अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर ने पुतिन की राजनीति में ‘‘ग्रैंडमास्टर’’ (माहिर खिलाड़ी) के रूप में प्रशंसा की थी। वहीं, शांति प्रयासों में कुशनर के सहयोगी स्टीव विटकॉफ ने कुछ सप्ताह पहले पुतिन को ‘‘मानवतावादी’’ बताया था।
मॉस्को के हमले में हजारों सैनिकों और यूक्रेनी नागरिकों की मौत हुई है। इसके कारण रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए और पश्चिमी देशों ने पुतिन को कूटनीतिक रूप से अलग-थलग कर दिया था। हालांकि, ट्रंप ने बाद में रूस के साथ संबंध फिर से बहाल किए।
