राहुल और ‘इंडिया’ के नेताओं ने मुंबई के अस्पताल में पवार से मुलाकात की, सुप्रिया सुले अनुपस्थित रहीं

राष्ट्रीय
Spread the love

मुंबई: 29 नवंबर (ए) विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार रात दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-शप) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की।

यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब अटकलें लगाई जा रही हैं कि पवार की पार्टी परिसीमन विधेयक का समर्थन कर सकती है।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि राकांपा (शप) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले इस मुलाकात के दौरान मौजूद नहीं थीं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत प्रतिनिधिमंडल के सदस्य अस्पताल से निकले, लेकिन उन्होंने बाहर इंतजार कर रहे मीडियाकर्मियों से कोई बातचीत नहीं की। 85 वर्षीय शरद पवार निर्जलीकरण की शिकायत के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल महाराष्ट्र कांग्रेस के एक नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने शरद पवार का हालचाल जाना और उनसे परिसीमन विधेयक का समर्थन नहीं करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि सुप्रिया सुले अस्पताल में मौजूद नहीं थीं, लेकिन जब ‘इंडिया’ के नेता वहां पहुंचे, तो उनकी बेटी और दामाद शरद पवार के साथ थे।

प्रदेश कांग्रेस के नेता ने कहा, ‘‘विपक्षी नेताओं ने शरद पवार से परिसीमन विधेयक का विरोध करने के ‘इंडिया’ के फैसले का समर्थन करने का अनुरोध किया। पवार ने कहा कि वह इस मामले पर चर्चा करेंगे।’’

इससे पहले, प्रतिनिधिमंडल के सदस्य चेन्नई में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करने के बाद मुंबई हवाई अड्डे पहुंचे।

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी मुंबई नहीं पहुंचीं। वह स्टालिन से मुलाकात करने के लिए विपक्षी नेताओं के साथ चेन्नई गई थीं।

शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-उबाठा) के नेता आदित्य ठाकरे और प्रदेश कांग्रेस के नेता हवाई अड्डे पर ‘इंडिया’ के नेताओं की अगवानी के लिए मौजूद थे।

आठ सांसदों वाली राकांपा (शप) ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के संकेत दिए हैं। यह विधेयक 30 नवंबर को लोकसभा में पेश किया जाएगा। पार्टी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन उसकी कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले कई मौकों पर संकेत दे चुकी हैं कि उन्हें इस विधेयक का समर्थन करने से परहेज नहीं है।

सुले के भतीजे और पार्टी विधायक रोहित पवार ने उन्हें एक खुला पत्र लिखकर फैसले पर ‘‘पुनर्विचार’’ करने का आग्रह किया है।

इससे पहले, रविवार को ‘इंडिया’ के नेता परिसीमन विधेयक को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर करने के लिए द्रमुक प्रमुख स्टालिन से मुलाकात करने चेन्नई पहुंचे थे।

हालांकि, स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी का रुख ‘तमिलनाडु पहले’ का है और राज्य की राजनीतिक ताकत को अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रखने का एकमात्र तरीका विधेयक का समर्थन करना है। द्रमुक के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में आठ सदस्य हैं।

केंद्र सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाली है। इसके तहत लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्र-शासित प्रदेश के लिए सीटों की संख्या तथा उनकी विधानसभाओं में सदस्यों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि करके महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने का प्रस्ताव है। साथ ही, सीटों के नये आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक स्थिर रखने का भी प्रस्ताव है।

इस बीच, केंद्र सरकार ने दावा किया है कि उसे लोकसभा के 371 सदस्यों का समर्थन मिल गया है। यह संख्या बल संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत से काफी अधिक है।

कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं के अनुसार, परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकतंत्र के लिए खतरा है। उनका आरोप है कि इससे राजनीतिक दलों को अपने पक्ष में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव करने का मौका मिलेगा, अनुसूचित जातियों (एससी) और अनुसूचित जनजातियों (एसटी) के प्रतिनिधित्व पर प्रतिकूल असर पड़ेगा और महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ दिया गया है।