जहानाबाद, 12 नवंबर (ए) बिहार में जहानाबाद जिले के मखदुमपुर थाना अंतर्गत धरनई गांव में शुक्रवार को भूमि विवाद को लेकर एक किसान की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।
मखदुमपुर थाना अध्यक्ष रंजय कुमार ने बताया कि मृतक किसान की पहचान उमाकांत तिवारी (52) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
रंजय ने बताया कि ग्रामीणों ने तिवारी पर हमला करने वाले हमलावरों में शामिल मिन्टू नामक व्यक्ति को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी जिसे घायल अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने कहा कि वारदात को अंजाम दिए जाने के बाद फरार दो अन्य हमलावरों के बारे में घायल हमलावर से पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि तिवारी पर हमला उस समय किया गया जब वह अपने खेत में धान की कटाई करा रहे थे।