मथुरा,10 अप्रैल (ए)।
ए)।यूपी के मथुरा में शुक्रवार को लुधियाना से वृंदावन घूमने आए श्रद्धालुओं से भरी नाव यमुना नदी में पलट गई। जिसके चलते सभी श्रद्धालु नदी में डूब गए। श्रद्धालुओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग बचाने के लिए दौड़ पड़े। पुलिस और गोताखोर भी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में राहत बचाव कार्य शुरू कराया गया। अभी तक 10 लोगों के शवों को बरामद किया जा चुका है। जबकि 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। कुछ अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए राहत बचाव कार्य जारी है। बताया गया कि लुधियाना से श्रद्धालुओं का ग्रुप वृंदावन घूमने आया था। सभी श्रद्धालु यमुना नदी के भ्रमण के लिए नाव पर सवार हो गए। इस बीच करीब पौने तीन बजे हवा के चलते नाव का संतुलन बिगड़ गया। जिससे नाव पैंटून पुल से टकरा गई और यमुना नदी में पलट गई। नाव में सवार सभी श्रद्धालु भी यमुना नदी में डूबे गये। हादसे के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे। डीएम, एसएसपी और डीआईजी ने मौके का जायजा लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत कार्य जारी है। एनडीआरएफ और सेना को भी बुलाया गया है।हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।