आधी रात सड़क पर दिखा मगरमच्छ, दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गंगा नदी में छोड़ा गया

उत्तर प्रदेश मेरठ
Spread the love

मेरठ (उप्र): 18 अप्रैल (ए)) मेरठ जिले के चामरौद गांव में शुक्रवार देर रात एक मगरमच्छ के सड़क पर दिखायी देने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित पकड़कर गंगा नदी में छोड़ दिया गया। वन विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी।

वन विभाग, हस्तिनापुर की क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि गांव में मगरमच्छ देखा गया है। टीम के मौके पर पहुंचने पर मगरमच्छ झाड़ियों में छिप गया था, जिससे बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया।

उपाध्याय ने बताया कि इसके बाद झाड़ियों की कटाई कर मगरमच्छ की घेराबंदी की गई और उसे नियंत्रित करते हुए सुरक्षित स्थान की ओर लाया गया।

उन्होंने बताया कि मगरमच्छ वयस्क और आक्रामक अवस्था में था। ऐसे में वन विभाग के दल को अत्यंत सावधानीपूर्वक बचाव अभियान चलाना पड़ा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया।

क्षेत्राधिकारी के अनुसार, पकड़ा गया मगरमच्छ ‘मगर’ प्रजाति का है, जिसका वैज्ञानिक नाम ‘क्रोकोडायलस पैलस्ट्रिस’ है। इसकी लंबाई लगभग 2.25 मीटर और वजन करीब 150 किलोग्राम है तथा यह पूर्ण वयस्क था।

उन्होंने कहा कि बचाव अभियान के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से गंगा नदी में छोड़ दिया गया।