लखनऊ: सात जून (ए)
) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य को देश का अग्रणी स्टार्टअप गंतव्य बनाने के उद्देश्य से रविवार को नयी स्टार्टअप नीति-2026 तैयार करने के निर्देश दिए।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति, विशाल बाजार, तेजी से विकसित हो रहा डिजिटल एवं औद्योगिक आधार तथा निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण राज्य को नवाचार-आधारित अर्थव्यवस्था का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की क्षमता रखते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में स्टार्टअप्स को उनकी स्थापना से लेकर विस्तार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा तक हर स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई नीति में भरण-पोषण भत्ता, प्रोटोटाइप विकास अनुदान, सीड कैपिटल सहायता, पेटेंट सहायता और गुणवत्ता प्रमाणन से जुड़े प्रोत्साहनों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि नवाचार आधारित उद्यमों को आर्थिक सहायता के साथ-साथ तकनीकी और संस्थागत समर्थन भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि युवा उद्यमी अपने विचारों को सफल व्यवसाय में बदल सकें। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिला उद्यमियों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर उद्यमियों तथा पूर्वांचल और बुंदेलखंड क्षेत्रों के स्टार्टअप्स के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन देने पर जोर दिया।