बलिया (उप्र): चार जून (ए)
) बलिया जिले के दुबहड़ क्षेत्र में पुलिस के वाहन पर चढ़कर रील बनाने और उसे सोशल मीडिया पर डालने के आरोपी एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि दुबहड़ थाने में बुधवार को आरक्षी मन्नू कुमार की तहरीर के आधार पर थाना क्षेत्र के नगवां गांव निवासी नीरज राम के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 329(3) (बिना अनुमति के किसी की संपत्ति या घर में किसी अपराध को अंजाम देने या डराने-धमकाने के इरादे से घुसना), 221 (सरकारी काम में बाधा डालना), और 352 (शांति भंग के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
सूत्रों ने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि तहरीर में उल्लेख है कि 28 मई को जानकारी मिली कि नीरज ने गत 21 जनवरी को पुलिस प्रतिक्रिया वाहन (पीआरवी) पर चढ़कर आपत्तिजनक वीडियो और रील बनाई गई और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
उन्होंने बताया कि आरोप लगाया गया है कि इस कृत्य से पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी नीरज को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है।