अनुज अग्निहोत्री ने सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त किया; 958 उम्मीदवार सफल : यूपीएससी

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: छह मार्च (ए)) संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा शुक्रवार को घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में एमबीबीएस स्नातक अनुज अग्निहोत्री ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।शीर्ष पांच सफल उम्मीदवारों में एक महिला और चार पुरुष हैं। वहीं शीर्ष 25 उम्मीदवारों में 11 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल हैं। इस वर्ष की परीक्षा में राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के रहने वाले अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने चिकित्सा विज्ञान को वैकल्पिक विषय के रूप में चुनकर परीक्षा उत्तीर्ण की.

अग्निहोत्री ने चिकित्सा विज्ञान को वैकल्पिक विषय के रूप में चुनकर परीक्षा में सफलता हासिल की। उन्होंने राजस्थान के जोधपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एआईआईएमएस) से एमबीबीएस (बैचलर ऑफ मेडिसिन एंड बैचलर ऑफ सर्जरी) की उपाधि प्राप्त की है।

अग्निहोत्री ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा स्थित अपने आवास से ‘ बताया, “मैं इस उपलब्धि से बेहद खुश हूं। यह एक अविश्वसनीय एहसास है।”

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार को देते हुए कहा कि वे ही उनकी प्रेरणा के सबसे बड़े स्रोत रहे हैं।

अग्निहोत्री ने कहा, “उन्होंने (परिवार ने) मुझे और मेरे प्रयासों को प्राथमिकता दी और यह सुनिश्चित किया कि मैं परीक्षा पर ध्यान केंद्रित करूं। मैं यह उपलब्धि अपने परिवार को समर्पित करता हूं।”

। दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम रहीं जिन्होंने अन्ना विश्वविद्यालय, चेन्नई से इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीई किया है और समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना। तीसरा स्थान अकांश ढुल को मिला, जो दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बी.कॉम स्नातक हैं। उन्होंने वाणिज्य एवं लेखांकन को वैकल्पिक विषय के रूप में लिया था। चौथे स्थान पर राघव झुनझुनवाला रहे, जिन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र (ऑनर्स) में स्नातक किया है और अर्थशास्त्र को ही वैकल्पिक विषय चुना। पांचवें स्थान पर ईशान भटनागर रहे, जिन्होंने राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, दिल्ली से बीए एलएलबी (ऑनर्स) किया है और समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में लिया।यूपीएससी के अनुसार, सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए 9,37,876 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 5,76,793 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। इसके बाद अगस्त 2025 में आयोजित लिखित (मुख्य) परीक्षा में बैठने के लिए 14,161 उम्मीदवारों ने योग्यता प्राप्त की। मुख्य परीक्षा के बाद 2,736 उम्मीदवारों को व्यक्तित्व परीक्षण (इंटरव्यू) के लिए बुलाया गया था। अंतिम परिणाम के आधार पर विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए कुल 958 अभ्यर्थियों की अनुशंसा की गई है।सिविल सेवा परीक्षा यूपीएससी द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) सहित अन्य सेवाओं के अधिकारियों के चयन के लिए प्रतिवर्ष तीन चरणों प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार में आयोजित की जाती है।–देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से हैं शीर्ष 25 उम्मीदवारआयोग के अनुसार, शीर्ष 25 उम्मीदवारों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे आईआईटी, एम्स, डीटीयू, एनएलयू, दिल्ली विश्वविद्यालय, अन्ना विश्वविद्यालय और मुंबई विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग, मानविकी, विज्ञान, वाणिज्य, कानून, चिकित्सा विज्ञान और जनसंचार जैसे विषयों में स्नातक स्तर की रही है। इन उम्मीदवारों ने मुख्य परीक्षा में मानव विज्ञान, वाणिज्य एवं लेखांकन, रसायन विज्ञान, अर्थशास्त्र, विद्युत अभियांत्रिकी, इतिहास, गणित, चिकित्सा विज्ञान, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध, लोक प्रशासन और समाजशास्त्र जैसे विषयों को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना।–कौन हैं शीर्ष स्थान पाने वाले अनुजअनुज ने वर्ष 2023 में जोधपुर एम्स से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है। उन्होंने साल 2017 में एम्स की ऑल इंडिया मेडिकल परीक्षा में 215वीं रैंक हासिल की थी। डॉ. अनुज के पिता केबी अग्निहोत्री राजस्थान परमाणु बिजलीघर की 1,2 इकाई में कार्यरत हैं। मां मंजू अग्निहोत्री गृहिणी हैं। डॉ. अनुज ने रावतभाटा परमाणु ऊर्जा केंद्रीय स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की। 12वीं में उनके 94 प्रतिशत अंक आए थे। अनुज को टेबल टेनिस खेलना पसंद है। अनुज को वर्ष 2023 में पहले प्रयास में दानिक्स सेवा आवंटित हुआ था। जिसमें उन्हें दिल्ली में एसडीएम के पद पर नियुक्ति मिली थी। दूसरे प्रयास में यूपीएससी मुख्य परीक्षा पास की लेकिन साक्षात्कार में चयन नहीं हुआ। यह उनका तीसरा प्रयास था।